सैदनपुर। 11 सितंबर को किसान उत्तर माध्यमिक विद्यालय इस्माईलपुर, देवा में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। स्पर्धा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन मंडल टीम के लिए किया जाएगा। इसी को देखते हुए खिलाड़ियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
रविवार को छुट्टी के बावजूद जनता इंटर कॉलेज बदोसराय का मैदान गुलजार रहा। खेल शिक्षक कामेश्वर मौर्य ने खिलाड़ियों को बुलाकर विशेष अभ्यास कराया।
खिलाड़ियों ने मैदान पर दौड़, तेज रेड, पकड़ और बचाव की तकनीकों पर काम किया। खेल शिक्षक ने खिलाड़ियों को अनुशासन, टीम भावना और रणनीति के साथ खेलने के गुर सिखाए। खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर काफी उत्साह है। वे अपनी कमियों को दूर कर रहे हैं, ताकि जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर सकें।
खिलाड़ी मंडलीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दम भरने के लिए तैयारियों पर जोर दे रहे है। इसे लेकर स्कूल के बाद घर जाकर भी खिलाड़ी खुद को फिट बनाने की कोशिश में जुटे है।