बाराबंकी। सावन के तीसरे सोमवार पर महादेवा, बुढ़वा बाबा व अवसानेश्वर महादेवा में सोमवार सुबह आस्था का अद्भुद नजारा देखने को मिला। इन तीनों मंदिरों में बारिश में भीगते श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। इससे श्रद्धालुओं का उत्साह कई गुना बढ़ने के साथ पूरा माहौल बम बम की जयकारों से गूंजता रहा। काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस पल को यादगार बनाने के लिए अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद भी किया।
पौराणिक तीर्थ श्री लोधेश्वर महादेवा में सुबह करीब 9:25 बजे आसमान में हेलीकॉप्टर दिखाई दिया तो मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में मौजूद श्रद्धालुओं की नजरें ऊपर टिक गईं। हेलीकॉप्टर में अयोध्या मंडल के कमिश्नर राजेश कुमार और डीआईजी सोमेन वर्मा मौजूद थे। हेलीकॉप्टर जैसे ही मंदिर के ऊपर पहुंचा, नीचे से हर हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजने लगे। कुछ ही क्षण बाद आसमान से बारिश में भीगते श्रद्धालुओं पर गुलाब और गेंदे के फूलों की बरसात भी होने लगी।
हेलीकॉप्टर ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र के ऊपर करीब तीन चक्कर लगाए और लगभग तीन क्विंटल पुष्पों की वर्षा की। रामसनेहीघाट के ताशीपुर गांव के पास स्थित प्राचीन बुढ़वा बाबा शिव मंदिर में पहुंचे प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री और क्षेत्रीय विधायक सतीश चंद्र शर्मा ने भी पूजा-अर्चना की। इसके बाद करीब आठ बजे हेलीकॉप्टर से मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। हैदरगढ़ के अवसानेश्वर महादेव मंदिर में भी हेलीकॉप्टर के चक्कर लगाते ही श्रद्धालुओं ने विधायक दिनेश रावत के साथ हाथ उठाकर फूलों की बारिश का स्वागत किया।