बाराबंकी। थाना क्षेत्र जहांगीराबाद के भुलभुलपुर स्थित बंद पड़ी फाइबर फैक्टरी से शनिवार रात शातिर स्टील के पाइप चोरी कर ले जा रहे थे। इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस ने घेराबंदी कर चोरी के माल के पांच शातिरों को दबोच लिया। इसके बाद थाने लाकर मुकदमा दर्ज किया।
शनिवार रात एसओ दर्शन यादव गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि भुलभुलपुर स्थित बंद पड़ी एबीएस नाम की फाइबर फैक्टरी से कुछ लोग स्टील के पाइप की चोरी कर ट्रैक्टर से ले जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर पारा खंदौली के पास चोरी के माल समेत पांच शातिर चोरों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फैक्टरी से माल चोरी कर बेचने जा रहे थे।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी रामनगर थाना क्षेत्र के खलसापुर निवासी शिवा, थाना क्षेत्र के भुलभुलपुर निवासी राजेश कुमार व इनायतपुर निवासी रंजीत, नगर कोतवाली के पीरबटावन निवासी कलामुद्दीन व देवा थाने के मामापुर निवासी आमीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
पकड़े गये शातिरों के कब्जे से पुलिस ने छह स्टील पाइप व ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की है। एसओ दर्शन यादव ने बताया कि फैक्टरी से चोरी कर जा रहे पांच शातिर चोरों को माल समेत गिरफ्तार किया गया है। मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।