सीतापुर/अटरिया। थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने लखनऊ, आजमगढ़ व सीतापुर सहित तीन जिलों के पांच शातिर अपराधियों को दबोच कर तीन बड़ी घटनाओं का खुलासा किया है। हालांकि एक अपराधी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि उसकी भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्टल, कारतूस, मोबाइल व सिम आदि बरामद किया है।
एएसपी महेंद्र प्रताप चौहान का दावा है कि 30 जुलाई को अटरिया के सुमित्रा ट्रेडर्स के मालिक नदराम को गोली मारने की वारदात, तीन अगस्त को सीमेंट व्यापारी राजकुमार रावत को फोन कर धमकाने व पांच लाख की फिरौती मांगे जाने सहित लखनऊ में हुई हथगोला मारने की सनसनीखेज घटना का खुलासा हो गया है।
इन वारदातों में शामिल सिधौली के काशीपुर निवासी राजेश यादव, अटरिया के खारतोहना मजरा सनियावां निवासी पवन यादव, लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के मंझी गांव निवासी ऋषि, इसी जिले के हसनगंज इलाके के डीलीगंज रेलवे क्रॉसिंग निवासी अंकित रावत उर्फ शांतानु, आजमगढ़ के विजयनपुर थाना क्षेत्र के खासराजा सगड़ी निवासी अरुष अरोड़ा उर्फ लव को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अटरिया इलाके के एक सामाजिक संस्था के कार्यालय से दबोचा है।
हालांकि लखनऊ के मड़ियाव निवासी सचिन उर्फ डैनी भागने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपियों के पास से रंगदारी मांगने में प्रयुक्त किया गया मोबाइल, सिम, एक पिस्टल खोखा कारतूस बरामद किया है।