हाईवे पर पलटी टूरिस्ट बस, चालक घायल
बाराबंकी। सुल्तानपुर-लखनऊ हाइवे पर लोनीकटरा क्षेत्र के छंदरौली के पास शुक्रवार को अचानक आवारा मवेशी के आ जाने से अनियत्रित होकर एक टूरिस्ट बस पलट गई। पुलिस के मुताबिक टूरिस्ट बस बनारस से श्रद्धालुओं को लेकर सीतापुर जा रही थी।
इससे यात्रियों में कोहराम मच गया। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे। बस चालक मिर्जापुर जनपद के आदलहट थानान्तर्गत त्रिलोकपुर निवासी नसीम (38) घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सहायता से चालक को सीएचसी भेजा गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण लखनऊ रेफर कर दिया गया। हादसे में यात्रियों को चोट नहीं आई।