बाराबंकी। कुर्सी-देवा मार्ग पर लखनऊ के कारोबारी व उनके भतीजे को कार से ओवरटेक कर रोकने और तमंचे के बल पर 28 हजार रुपये व मोबाइल लूट के मामले में कुर्सी पुलिस ने शनिवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूट के 1900 रुपये, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए। 0 पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र निवासी मुस्तकीम 22 जुलाई को अपने भतीजे मुकीम के साथ बाराबंकी के सद्दीपुर में लेने आ रहे थे। इसी दौरान कुर्सी-देवा मार्ग पर काले रंग की कार सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने तमंचे के बल पर उनसे 28 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया था।
पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र के पलका निवासी साहिद रजा, पैकरामऊ थाना गुडंबा के समीर, बेहटा गुडंबा के रोमन अंसारी, कुर्सी के नई बस्ती अनवारी निवासी आकिब व मुजम्मिल उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ जगत राम कनौजिया के अनुसार आरोपी लखनऊ स्थित एक ऑनलाइन कार एजेंसी से किराये पर कार बुक करते थे। इसके बाद इसी कार का इस्तेमाल चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देने में करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने देवा क्षेत्र में चोरी की एक घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है। आकिब पर चार, समीर पर दो, मुजम्मिल पर तीन व रोमान पर दो मामले दर्ज हैं।