बंकी में रविवार रात व्यापारी पर हमले के बाद नगर कोतवाली पहुुंचे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
शहर कोतवाली क्षेत्र के बंकी कस्बे में रविवार को अपनी दुकान पर बैठे व्यापारी पर एक सिरफिरे ने हथगोला फेंकने के साथ ही तमंचे से गोली चला दी। हमले में व्यापारी तो बाल-बाल बच गया मगर हथगोले की चपेट में आने से उसके चालक के हाथ में चोट आई है।
हमला करके भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। घटना से आक्रोशित लोगों को पुलिस ने किसी तरह से समझाकर शांत कराया व आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बंकी कस्बा के उत्तर टोला मोहल्ला निवासी शिवशंकर जायसवाल रविवार रात अपनी पशु आहार की दुकान पर बैठे थे। तभी वहीं रहने वाले सुनील श्रीवास्तव ने उन पर हथगोले से हमला कर दिया। इतना ही नहीं सुनील ने तमंचे से शिवशंकर पर एक राउंड फायरिंग भी की। हमले में शिवशंकर जायसवाल तो बाल-बाल बच गए लेकिन उनके चालक अंशु मौर्या को चोट पहुंची है।
हमला करके भाग रहे सुनील को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर दबोच लिया और जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी शराब के नशे में धुत बताया जाता है। कोतवाल बीपी यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।