देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रजौली में एक दिन पूर्व किसान की हत्या के आरोप में गिरफ्तार सर्वेश शनिवार की देर रात कोतवाली के लाकप से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हत्या अभियुक्त के कोतवाली पुलिस की गिरफ्त से फरार होने की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष से लेकर पूरे थाने में हड़कंप मच गया।
बौखलाई पुलिस ने देर रात से सुबह तक फरार हत्याभियुक्त की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर कई लोगों को उठाया भी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। निराश देवा पुलिस अपनी इस लापरवाह कारगुजारी पर पर्दा डालने में जुटी है।
देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रजौली में बीती देर रात खेत में लेटे किसान बेचेलाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पुत्र रंजीत रावत ने गांव के ही सर्वेश पर पुरानी रंजिश में पिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने सर्वेश को मौके से ही गिरफ्तार किया था।
पुलिस के जानकार सूत्रों की मानें तो 25 मार्च की देर रात करीब 1 से 2 बजे के दौरान जब थानाध्यक्ष बीडी तिवारी व एसएसआई रायसिंह यादव अपनी-अपनी हमराह टीम के साथ गश्त के लिए क्षेत्र में निकले थे। इस दौरान कोतवाली में नाइट ऑफिसर के तौर पर विशुनपुर चौकी इंचार्ज श्याम सुंदर बिंद व कांस्टेबल कुलदीप व गार्ड सहजराम ड्यूटी कर रहे थे।
इस बीच मौके की नजाकत को भांपते हुए शातिर अपराधी सर्वेश ने जोर से पेशाब लगने का बहाना बनाना शुरू किया। जिस पर ऑफिस ड्यूटी के निर्देेेश पर गार्ड सहजराम सर्वेश को लेकर टॉयलेट गया। सूत्रों की मानें तो वहीं से मौका पाकर सर्वेश गार्ड को धक्का देकर भाग निकला। जब तक गार्ड कुछ समझ पाता और मदद के लिए पुलिस कर्मियों को पुकारता तब तक सर्वेश रफू चक्कर हो गया।
पुलिस अभिरक्षा से हत्याभियुक्त के भागने की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सहित पूरे थाने में हड़कंप मच गया। रात भर चेकिंग व दबिशें दी गईं। लेकिन फरार हत्याभियुक्त का कोई सुराग नहीं मिल सका। बाद में इस मामले को दबाने के लिए पुलिस तरह-तरह की कहानियां बनाने में शाम तक मशगूल दिखी।
देवा पुलिस की हिरासत से हत्या के आरोपी युवक के फरार होने की जानकारी मिली है। आरोपी की तलाश की जा रही है। इस मामले में जो भी पुलिसकर्मी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। -संतोष सिंह, सीओ सिटी