रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र के गोड़ियनपुरवा मजरे असेना गांव में शुक्रवार को दोपहर एक घर में सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने छप्परनुमा घरों को चपेट में ले लिया। इससे 10 आशियाने राख हो गए। इस दौरान दो महिलाएं झुलस गईं। फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर काबू पाया।
रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के गोड़ियनपुरवा मजरे असेना गांव में शिवकुमार के घर में रसोई गैस सिलिंडर लीक हो रहा था। दोपहर करीब तीन बजे इसी बीच खाना बनाते वक्त आग भड़क गई। यह देख शिवकुमार के घर के लोग बचाव के लिए चिल्लाने लगे। घर के ऊपर छप्पर रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आसपास स्थित दयाशंकर, राम, रामलाल, शांति देवी, शिवराम, नरेश, महादेव, आशा, रामरती, ममता के घर पर रखे छप्परों में भी आग फैल गई।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम रास्ता संकरा होने के कारण तुरंत मौके पर नहीं पहुंच सकी। पाइप जोड़कर कर्मचारियों ने आग बुझाना शुरू किया। इस दौरान गांव की सरिता व संजू आग से झुलस गईं। फायर ब्रिगेड ने जब तक आग पर काबू पाया, तब तक गृहस्थी का सामान राख जल गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम रामआसरे वर्मा, सीओ जटाशंकर मिश्र ने करीब 10 लाख के नुकसान का अनुमान लगाया है। क्षेत्रीय विधायक व राज्यमंत्री सतीश शर्मा की ओर से पीड़िताें को राहत सामग्री बांटी गई है।