बाराबंकी। किसानों के प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने भाकियू भानू गुट के प्रदेश प्रभारी समेत पंद्रह लोगों को नामजद करते हुए 150 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
भाकियू भानू गुट के बैनर तले एक दिन पूर्व किसानों ने धान से लदे ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर शहर में पहुंचकर प्रदर्शन किया था। दिन भर चली तकरार के बाद प्रशासन से हुई वार्ता के बाद देर शाम मामला शांत हुआ था। इसके बाद सिविल लाइन चौकी प्रभारी अभिषेक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में देर रात भाकियू प्रदेश प्रभारी आशू चौधरी, जिलाध्यक्ष राधेरमण वर्मा, पंकज वर्मा, दुर्गेश वर्मा, अपुल वर्मा, राघवेंद्र वर्मा, कपिल वर्मा, कुलदीप यादव, कुलदीप कुमार, अजीत सिंह, रोहित द्विवेदी, राजीव द्विवेदी, रवि वर्मा, अंग्रेज गोसाई, देशराज गोसाई आदि लोगों को नामजद करते हुुए 150 अज्ञात किसानों के खिलाफ केस दर्ज किया है।आरोप है कि प्रदर्शन के चलते शहर में बेतरतीब तरीके से ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े होने के चलते आवागमन बाधित रहा और भीड़ बढ़ने से कोरोना के फैलाव का भी खतरा बढ़ा है।