बाराबंकी। संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत हो गई। मृतका के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर भूमि के लालच में परिवार वालोें पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक जैदपुर क्षेत्र के पिपरहा मजरे अजपुरा में दयावती (55) पत्नी स्व. रामलखन की बृहस्पतिवार को भोर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर में मिला। मृतका का मानसिक उपचार चल रहा था। मृतका के भाई वीरेंद्र कुमार सिंह निवासी ग्राम शफीपुर शहर कोतवाली ने थाने में लिखित शिकायत की है। उसने मृतका के परिवार वालों पर जमीन के लालच में हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला की मौत की सूचना पुलिस को सुबह ही मिल गई थी लेकिन तहरीर नहीं मिलने के कारण दरोगा व सिपाही मौके पर नहीं गए। भाई ने तहरीर दी तब जैदपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी संदीप कुमार राय ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर मिलने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। उसका इलाज चल रहा था।