बाराबंकी। यूपी बोर्ड की परीक्षा के पहले ही दिन जिले में दूसरे के स्थान पर एक्जाम दे रही एक छात्रा को पकड़ा गया। उसके खिलाफ सफदरगंज थाने में केंद्र व्यवस्थापक ने मुकदमा दर्ज कराया है। छात्रा का फोटो प्रमाणित करने वाले प्रधानाचार्य की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं पहले दिन हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के तीन हजार पांच सौ 11 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। विशेष सचिव माध्यमिक, डीएम समेत कई अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रा का जायजा लिया। लाइव प्रसारण के जरिए कंट्रोल रूम से निगरानी की। वहीं एक घंटे विलंब से केंद्र पर पहुंची छात्रा परीक्षा की अनुमति नहीं दी गई।
दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने का मामला राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सफदरगंज में पकड़ा गया। श्यामलाल इंटर कॉलेज की छात्रा को केंद्र व्यवस्थापक ने रजिस्ट्रेशन संख्या के मिलान के दौरान संदेह होने पर पकड़ा। इसकी सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक को देने के बाद छात्रा से पूछताछ की। उसने दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने की बात स्वीकार की। डीआईओए राजेश कुमार वर्मा के साथ केंद्र व्यवस्थापक शालिनी मिश्रा ने सफदरगंज थाने पहुंचकर छात्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उधर प्रवेश पत्र पर फोटो प्रमाणित करने वाले श्यामलाल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है।