बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर अवैध पार्किंग की वजह से हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए शनिवार को परिवहन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। एआरटीओ अंकिता शुक्ला और यातायात प्रभारी राम यतन यादव ने बाराबंकी से सफदरगंज तक हाईवे पर निरीक्षण किया। इस दौरान बेतरतीब तरह से हाईवे के किनारे खड़े मिले 12 वाहनों के चालकों से पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला।
इसके साथ ही मौजूद ढाबा संचालकों को भी सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए सड़क पर अतिक्रमण न किए जाने की सख्त हिदायत भी दी गई। निर्देश दिया कि ग्राहकों के वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करवाया जाए। यदि किसी भी ढाबे के सामने अवैध तौर पर कोई वाहन खड़ा मिला तो वाहन चालक के साथ ही ढाबा संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई तय की जाएगी। एआरटीओ अंकिता शुक्ला ने कहा सड़कों पर होने वाली अवैध पार्किंग के कारण ही सड़क हादसों में बढ़ोत्तरी हो रही है। इस लिए वाहन चालकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझना चाहिए।
ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण कर दिए निर्देश
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से संवेदनशील ब्लैक स्पॉट्स का भी शनिवार को परिवहन विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने असेनी मोड़, दारापुर और सफेदाबाद जैसे दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों का निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पीड लिमिट बोर्ड, चेतावनी संकेतक, रंबल स्ट्रिप, पैराफिट लगाने के निर्देश भी दिए ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।