देवा मेले में चल रही हॉकी प्रतियोगिता के दौरान उत्साहित डीएचए रायबरेली की टीम के खिलाड़ी। स्
बाराबंकी। देवा मेला में अमर उजाला की मीडिया पार्टनरशिप में चल रही राज्यस्तरीय हॉकी खेल प्रतियोगिता में शुक्रवार को सेमीफाइनल मैच खेले गए। जिसमें डीएचए रायबरेली और बाबू इलेवन देवा की टीमों ने विरोधी टीमों को शिकस्त देते हुए फाइनल में अपना स्थान बनाया।
पहला सेमीफाइनल मुकाबला डीएचए आजमगढ़ और डीएचए रायबरेली के बीच हुआ। अंतिम समय में डीएचए रायबरेली ने एक गोल दाग कर अजेय बढ़त बना ली। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बाबू इलेवन देवा और आरएसए शिवगढ़ रायबरेली के बीच खेला गया।
यह मुकाबला भी काफी रोचक रहा। इसमें बाबू इलेवन देवा की टीम ने एक गोल दागा, जबकि विपक्षी टीम कोई गोल नहीं कर पाई। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले रायबरेली के अजीज व देवा के सुशील को अमर उजाला की ओर से ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
शनिवार को हॉकी ग्राउंड पर फाइनल मुकाबले के साथ अंडर-14 और स्कूल कॉलेज की टीमों के मुकाबले होंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्वोत्तर रेलवे के आर्गेनाइजर सेक्रेटरी मोहम्मद गफीर, पूर्व हॉकी खिलाड़ी इमरान, यूपी फुटबाल सेक्रेटरी कन्हैया, हॉकी प्रतियोगिता के आयोजक सलाउद्दीन किदवई ने पुरस्कार दिया। मोहम्मद फारुख, राम आशीष वर्मा, मुजीब अहमद, शकील अहमद, अरमान वारसी, निसार अहमद व फव्वाद किदवई आदि मौजूद रहे।