त्रिलोकपुर (बाराबंकी)। विवादित भूमि पर कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें घायल तीन लोगों को सीएचसी बड़ागांव में भर्ती कराया गया। उसके बाद पुलिस ने दोनों ओर से मिली तहरीर में रिपोर्ट दर्ज कर शांतिभंग की कार्रवाई की। घटना मसौली थाना क्षेत्र के गेंदौरा गांव की है।
यहां के निवासी वीरेंद्र वर्मा व दयाराम वर्मा के बीच लंबे समय से भूमि का विवाद चल रहा है। इसका मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। शनिवार की सुबह इसी विवादित भूमि पर वीरेंद्र वर्मा के परिवारीजनों ने कूड़ा फेंक दिया। घर के सामने कूड़ा पड़ा देखकर दयाराम गौतम से विवाद हो गया।
बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों में मारपीट व ईंट-पत्थर चल गए। इसमें वीरेंद्र उनकी पत्नी विद्यावती और दूसरे पक्ष के दयाराम घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का बड़ागांव सीएचसी में इलाज कराने के बाद वीरेंद्र व संतोष गौतम को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की है। इस बाबत एसओ पंकज सिंह ने बताया है कि मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। (संवाद)