पुलिसकर्मी का पिस्टल लहराते वीडियो वायरल।
- फोटो : amar ujala
बाराबंकी जिले के सतरिख क्षेत्र के परी माता मंदिर में बुधवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर लगे मेले में रात को नौटंकी का आयोजन चल रहा था। देर रात वहां मौजूद दो पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की लेकिन कुछ लोगों ने पुलिस पर हमले की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर फेंकने का प्रयास किया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
इसी दौरान, हालात बेकाबू होते देख एक पुलिसकर्मी ने पिस्टल निकालकर भीड़ की ओर तान दी। इस बीच, अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मियों को भीड़ पर पिस्टल तानते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।