मसौली (बाराबंकी)। मसौली थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार की बाइक से भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार एक ही गांव के तीन युवकों में से दो की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की 21 जनवरी को शादी होने वाली है। इस हादसे ने दोनों मृतकों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम शव घर पहुंचे तो गांव में चीख पुकार मच गई।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के पिपरौली गांव के राम लखन (52), दीपू उर्फ प्रदीप (35) और इंद्र कुमार (22) शनिवार शाम को कस्बा मसौली गए थे। देर रात लौटते समय बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर पिपरौली गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। राहगीरों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां राम लखन और दीपू को मृत घोषित कर दिया गया। इंद्र कुमार की हालत गंभीर है और उसका इलाज चल रहा है।
पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
राम लखन, जो खेती से अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे, के निधन से उनके घर में मातम पसर गया। उनकी पत्नी राधा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि उनके तीन बच्चे सोनू, मोनू और सविता पिता की मौत से गहरे सदमे में हैं। वहीं दीपू पेशे से पेंटर थे। वह अपने पीछे पत्नी नीलम और 10 वर्षीय बेटे कुशमेश को छोड़ गए हैं। घर में भी चीख-पुकार मची हुई है। घायल इंद्र कुमार, जिसकी शादी 21 जनवरी को होने वाली थी। उनका पैर टूट गया है।
........................
इन्सेट-
लखनऊ के नंबर की कार, चालक फरार
मसौली थाने के एसएचओ यशकांत सिंह ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कार, जो लखनऊ नंबर की है, को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।