बाराबंकी। रामनगर के बेरिया गांव में बुखार के कहर से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। जबकि 50 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित होकर इलाज करा रहे हैं। इस कारण बढ़ी दहशत के कारण जिला अस्पताल व सीएचसी की ओपीडी में बुखार पीड़ितों की संख्या भी लगातार बढ़ने लगी है। लोग मामूली बुखार होने पर भी जांच व इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।
रामनगर के बेरिया गांव में ज्यादातर लोग बुखार से पीड़ित हैं। यहां के निवासी आस मोहम्मद ने बताया कि पत्नी रजिया (35) पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी। दो दिन पूर्व उसकी मौत हो गई। वहीं लतीफ ने बताया कि उनकी दादी मैकी (65) की भी बुखार आने के बाद मौत हो गई। दोनों ही बुखार पीड़ित महिलाओं का इलाज निजी चिकित्सकों से कराया जा रहा था। इसी तरह बुखार के बाद रविवार को हालत बिगड़ने पर इलाज के लिए सीएचसी ले जाए जा रहे झलिया दतौली निवासी दिनेश (32) की भी मौत हो गई।
इसके अलावा इलाके के रईस, चांद बाबू, हसीब, मो. कफिल, लतीफ, सद्दाम, राजकुल, अरविंद, नूरजहां, अजय, सुनील कुमार, बच्चूलाल, आयुष, चंद्रप्रकाश, जन्नतुल समेत करीब 50 से ज्यादा लोग बुखार से पीड़ित हैं। इनमें से अधिकांश का इलाज निजी चिकित्सकों के भरोसे चल रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि सीएचसी रामनगर पर बुखार फैलने की जानकारी दी गई। इसके बाद भी चिकित्सकों की कोई टीम गांव में नहीं पहुंची। वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव श्रीवास्तव का कहना है कि उन्हें इलाके में बुखार फैलने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
फोटाे- 20
जिला अस्पताल में बुखार के सबसे ज्यादा मरीज
जिला अस्पताल की ओपीडी में भी बीते एक सप्ताह से बुखार पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को ओपीडी में करीब 2155 मरीज पंजीकृत हुए। इनमें से 645 बुखार पीड़ित थे। साथ ही पेटदर्द के 428, बदन दर्द के 452, त्वचा रोग के 520 मरीजों का भी इलाज हुआ। सीएमएस डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि मौसम में आए बदलाव के कारण मरीजों की संख्या बढ़ी है।
बाक्स
फोटो- 22
भीड़ के चलते हाथ से बनाए गए परचे
संयुक्त चिकित्सालय की ओपीडी में सोमवार को करीब 900 मरीज देखे गए। भीड़ इतनी ज्यादा रही कि पूर्व सीएमएस डॉ नीलम गुप्ता ने पर्चा काउंटर पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ाते मरीजों को हाथ से परचे बनाकर दिए। सतनाम, साधुलाल, अभिषेक, पिंटू, वीरेंद्र, रमेशचंद्र ने बताया कि एक सप्ताह से बुखार आ रहा है। पर्चा बनवाने से लेकर दवा लेने तक करीब दो घंटे का समय लगा है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. इकबाल अहमद ने बताया कि बुखार के मरीज सबसे ज्यादा आ रहे हैं सभी को बेहतर इलाज मिले इसका पूरा प्रयास रहता है।
वर्जन
रामनगर के बेरिया में बुखार से तीन लोगों की मौत की जानकारी के बाद सीएचसी अधीक्षक से पूरी रिपोर्ट तलब की गई हैं। साथ ही डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टॉफ की एक टीम को भी गांव भेजने का निर्देश दिया गया है।
डॉ. अवधेश कुमार यादव, सीएमओ