बाराबंकी। विशेष अपर सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार ने सोमवार को स्मैक तस्करी के मामले में पिता-पुत्र को 10-10 वर्ष की कठोर कैद व एक-एक लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। वहीं अभियुक्त की पत्नी को संदेह के लाभ में दोष मुक्त करार दिया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार मामला कोतवाली रामसनेहीघाट के कोटवा सड़क का है। 11 मार्च 2023 को तत्कालीन उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह व एसआई रविंद्र सिंह हमराहियों के साथ क्षेत्र में वांछित अपराधी की तलाश में गश्त पर थे। तभी मुखबिर की सूचना के आधार पर कोटवा सड़क निवासी जय प्रकाश पाठक उर्फ किन्नी पाठक के घर पर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी।
पुलिस को देखते ही उसने छत के रास्ते गली में कूद कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान घर में मौजूद एक युवक को पकड़ लिया गया। इसके बाद घर के बगल की गली में कराह रहे जयप्रकाश पाठक को पकड़ा गया। उसके पास झोले में एक किलो 50 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
उसने पूछने पर बताया कि वह और उसका लड़का शिवम पाठक तथा पत्नी मीना पाठक मिलकर स्मैक का धंधा कई सालों से कर रहे हैं। पुलिस ने विवेचना के पश्चात जयप्रकाश पाठक, शिवम पाठक व मीना पाठक के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था।
गवाहों के बयान व दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद न्यायाधीश ने अभियुक्त जय प्रकाश पाठक व शिवम पाठक को दोषी पाते हुए 10-10 वर्ष की कठोर कैद व एक-एक लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। मीना पाठक को संदेह के लाभ में दोष मुक्त करार दिया।