बाराबंकी के फतेहपुर तहसील परिसर में धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ताओं को संबोधित करते पदाधिकार
फतेहपुर (बाराबंकी)। भारतीय किसान यूनियन ने विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को तहसील में प्रदर्शन किया। किसान कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब तक समस्याओं का निस्तारण नही किया जाएगा तब तक धरना जारी रहेगा। सूचना मिलने के बाद धरना स्थल पर पहुंचे एसडीएम पवन कुमार न किसानों से बात की और समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
भाकियू के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने तहसील में नारेबाजी करते हुए धरना दिया। जिलाध्यक्ष अनुपम वर्मा ने कहा कि किसानों की समस्याओं का हल नहीं निकाला जा रहा है। ब्लाॅक अध्यक्ष बाबादीन ने कहा कि सबका पेट भरने वाला गरीब किसान स्वास्थ्य, शिक्षा व सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। आरोप लगाया कि कमीशनखोरी के चलते किसान तहसीलों व थानों के चक्कर काट रहे हैं। छुट्टा मवेशियों के कारण कड़ाके की ठंड में किसान रतजगा कर रहे हैं। अधिकारी बेलगाम हो चुके है।
उन्होंने कहा कि विधवा व वृद्धा पेंशन व किसान सम्मान निधि अपात्र लोगों की दी जा रही है। विद्युत विभाग के कर्मचारी अपनी मनमानी पर उतारू हैं। समय से बिल न निकालने की वजह से अधिक बिल देना पड रहा है। ऐसी कई समस्याओं को लेकर किसान धरने पर बैठने को विवश हैं। इस दौरान अमर सिंह, निर्मल, कुमार, शारदा बख्श सिंह, ओम प्रकाश वर्मा, ललित वर्मा, राजेंद्र सिंह सहित कई मौजूद रहे।