बाराबंकी। कोल्ड स्टोरेज के बाहर भंडारण के इंतजार में खड़े किसानों की उम्मीदें दम तोड़ रही हैं। फसल भंडारित कराने के लिए कोल्ड स्टोर संचालकों से लेकर अफसरों के मान-मनौव्वल करनी पड़ रही है। टोकन पाने के लिए जद्दोजहद भी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।
तमाम किसान खेतों में आलू बोरियों में भरकर टोकन मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बारिश के अलर्ट ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें बढ़ा दी हैं। ऐसे में अगर समय रहते आलूू भंडारित नहीं हुआ तो किसानों को भारी नुुकसान उठाना पड़ेगा।
सफेदाबाद क्षेत्र में कोल्ड स्टोर के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतार लगी रही। पल्लेदारों के संकट से शेड खाली नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में किसानों को 24 से 36 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। निंदूरा क्षेत्र में किसानों ने आगामी दिनों बारिश की संभावनाओं को देखते हुए आलू की खुदाई तेज कर दी है।
रुक्मणि कोल्ड स्टोर दादा कुटिया के बाहर करीब डेढ़ सौ ट्रैैक्टर-ट्रॉलियां अपनी बारी के इंतजार में हैं। इनमें कुछ को टोकन मिला है तो कई टोकन के इंतजार में हैं। यहां पल्लेदार बढ़ाकर आलू उतरवाने की जद्दोजहद तेज की गई है। तमाम किसान बारिश की आहट सेे अपना आलू औनी-पौनी कीमतों पर बेचने की तैयारी में हैं। सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में कोल्ड स्टोर में भारी जाम होने के कारण आलू उतरने में देरी हो रही है। क्षेत्र के कई गांवों में किसानों ने अपना आलू खोदकर खेतों में लगा रखा है।
बारिश हुई तो सड़ने लगेगा आलू
कृषि विज्ञान केंद्र हैदरगढ़ के कृषि वैज्ञानिक डॉ. अश्विनी सिंह ने बताया कि अगर बारिश होती है तो आलू भीग जाएगा, जिससे वह सड़ना शुरू हो जाएगा। भीगा आलू कोल्ड स्टोर में रखने के बाद भी खराब हो जाएगा। खेतों एवं ट्रॉलियों में लगे आलू को खासा नुकसान पहुंचेगा। जिन किसानों ने अभी आलू की खुदाई नहीं की है, बारिश होने के बाद आलू खुदवाने में उनको देरी होगी, जिससे अगली फसल की बोआई भी प्रभावित हो जाएगी।
चार कोल्ड स्टोर संचालकों को थमाई नोटिस
द्वारका कोल्ड स्टोर सलारपुर में पल्लेदारों की कमी के कारण किसानों का आलू समय से नहीं उतर पा रहा है। बृहस्पतिवार को एसडीएम विजय कुमार त्रिवेदी व डीएचओ महेश कुमार श्रीवास्तव कोल्ड स्टोर पर पहुंचे, जहां कोल्ड स्टोर संचालक को नोटिस थमाई और व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही लक्षबर बजहा में जयशंकर कोल्ड स्टोर, शहर के बाराबंकी कोल्ड स्टोर व फतेहपुर के निजामुद्दीन कोल्ड स्टोर को भी नोटिस दिया गया है। इन कोल्ड स्टोर पर नायब तहसीलदार, लेखपाल, उद्यान निरीक्षक लगाकर तेजी से आलूू उतरवाना शुरू किया गया है।
नेपाल व तीन प्रांतों को गया 45 सौ क्विंटल आलू
मंडी सचिव संतोष कुमार यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को ई नाम पोर्टल पर 425 क्विंटल आलू की बिक्री हुई, जिसमेें चिप्सोना का रेट 780 रुपये तक मिला, जबकि सामान्य आलू का भाव 550 से 625 रुपये तक रहा। खेतों से 270 क्विंटल आलू नेपाल गया है। साथ ही झारखंड, बिहार व छत्तीसगढ़ की मंडियों में करीब 42 सौ क्विंटल आलू गया है।