बिना शट डाउन लिए केबल जोड़ने खंभे पर चढ़ा एक किसान करंट लगने से नीचे रखी नांद पर गिर पड़ा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवारीजन खंभे के स्टे में करंट उतरने से मौत होने की सूचना पुलिस व पावर कॉर्पोरेशन को दी है। विभाग मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने की बात कह रहा है।
रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर निवासी अखिलेश कुमार मौर्य (35) पुत्र रामनाथ का बीपीएल कनेक्शन था और उसके घर की तीन दिन से लाइट खराब थी। ग्रामीणों का कहना है कि रविवार को सुबह आठ बजे बिजली नहीं थी तो अखिलेश केबल जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़ा था।
किसान अखिलेश को बिजली कार्य की कोई जानकारी भी नहीं थी, वह जब खंभे पर चढ़ा था तो विभागीय अधिकारियों से शट डाउन भी नहीं मांगा था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो जैसे ही अखिलेश ने कनेक्शन बॉक्स खोलकर केबल जोड़ने जा रहा था कि अचानक बिजली आ गई।
करंट लगने से वह खंभे के नीचे रखी नांद पर जा गिरा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई पवन ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि पुलिस को भाई व ग्रामीणों ने खंभे के स्टे के तार में करंट आने के कारण मौत होने की वजह बताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बदहवास है पूरा परिवार
अखिलेश की एक नादानी ने उसकी जान ले ली। अगर वह विभागीय अधिकारियों की मदद से लाइन सही कराता तो उसकी जान बच जाती। युवक की मौत के बाद उसकी पत्नी गीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं उसके दो बच्चे निखिल (11) व बेटी शालू (7) के सिर से पिता का साया उठ गया। पीड़ित परिवार के साथ पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया।
महमूदपुर गांव के किसान अखिलेश को उपकेंद्र पर लाइन खराब होने की सूचना देनी चाहिए थी या फिर उसे क्षेत्रीय लाइनमैन की मदद से शट डाउन लेना चाहिए था। विभाग को खंभे के स्टे में करंट आने पर मौत होना बताया गया है। मामले की जांच कराई जाएगी। -नीरज कुमार, एसडीओ रामनगर
करंट लगने से युवक की मौत होने की सूचना मिली थी। परिवारीजनों के कहने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अगर पावर कार्पोरेशन कोई शिकायत करता है तो कार्रवाई की जाएगी। -सुधीर कुमार सिंह, एसओ रामनगर