सूरतगंज (बाराबंकी)। कर्ज में डूबे एक किसान ने फंदे से लटक कर जान दे दी। परिवारीजनों ने बैंक कर्मियों पर धमकी देने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
थाना क्षेत्र मोहम्मदपुर खाला के एडौरा निवासी इंद्रसेन (40) ने गुरुवार को फंदे से लटक कर जान दे दी। उसकी पत्नी रीता देवी का आरोप है कि उसने बैंक ऑफ इंडिया शाखा सूरतगंज से केसीसी पर दो लाख रुपये का कर्ज ले रखा था।
वह कर्ज की अदायगी नहीं कर पा रहा था जिसकी वजह से बैंक कर्मी आए दिन उसे प्रताड़ित करते थे और कर्ज अदा न करने की स्थिति में आरसी काटने की धमकी दे रहे थे। कई दिनों से बैंक के कर्मचारी लगातार घर भी आ रहे थे। इसी वजह से वह कई दिनों से मानसिक तनाव में थे।
पत्नी ने बताया कि बुधवार की रात खाना खाने के बाद इंद्रसेन छप्पर के नीचे लेट गए जबकि वह बच्चों को लेकर दूसरे छप्पर के नीचे सोने के लिए चली गई। गुुरुवार को देखा तो इंद्रसेन का शव छप्पर में फंदे से लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी सूरतगंज सुरेश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
एलडीएम सचिन कुमार ने बताया कि सूरतगंज के एडौरा निवासी किसान ने यदि कर्ज अदा न कर पाने और बैंक कर्मियों की प्रताड़ना की वजह से जान दी है तो इसकी जांच मैं स्वयं करूंगा। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।