बाराबंकी। जिला सेवायोजन कार्यालय में बृहस्पतिवार को आयोजित रोजगार मेला कई युवाओं को खुशियों का पैगाम देने वाला साबित हुआ। मेले में शामिल हुई तीन निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने लिखित व साक्षात्कार परीक्षा के आधार पर हिस्सेदारी के लिए आए 45 प्रतिभागियों में से 16 युवाओं का चयन विभिन्न पदों पर किया। चयन के बाद नियुक्ति पत्र हाथ में आने के बाद सफल प्रतिभागियों के चेहरे खिल उठे।
रोजगार मेला में हिस्सेदारी करने के लिए सुबह नौ बजे से ही प्रतिभागियों के जुटने का सिलसिला शुरु हो गया था। सभी अपने-अपने शैक्षिक दस्तावेजों की जांच कराते हुए बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ साक्षात्कार देने वालों की कतार में शामिल हो गए। लिखित व साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हिस्सेदारी करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों ने 16 प्रतिभागियों को उनकी योग्यता व पात्रता के आधार पर चयनित घोषित करते हुए नियुक्ति पत्र सौंपें।
रोजगार मेले में शिवशक्ति बायोटेक प्रा. लि., पुखराज हेल्थ केयर समेत तीन निजी कंपनियां शामिल हुईं। नियुक्ति पत्र हाथ में आने के बाद कई प्रतिभागियों की आंखों में खुशी के आंसू भी छलकते दिखे। उनका कहना था कि यह मौका उनके लिए सिर्फ एक नौकरी नहीं बल्कि उम्मीद और आत्मनिर्भरता की नई शुरुआत है। प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पूरा प्रयास रहता है कि अधिक से अधिक युवाओं को हुनर के अनुरूप रोजगार मिले, ताकि वह आत्मनिर्भर बन सकें।
सपनों को पंख मिलने जैसी खुशी
फोटो- 14
जब मेरा नाम चयनित अभ्यर्थियों में आया, तो यकीन ही नहीं हुआ। मुझे लगा जैसे मेरी मेहनत रंग लाई है। अब मैं अपने घर का सहारा बन सकूंगी। यह नौकरी मेरे लिए सपनों को पंख मिलने जैसी खुशी है।
- मानसी
खुद पर बनाए रखा भरोसा
फोटो- 15
जब मैं ट्रेनिंग कर रही थी तो उस समय कहा गया था कि खुद पर भरोसा रखना। आज ऐसा लगता है कि वह बातें सच हो गई। यह दिन मैं कभी नहीं भूलूंगी। आज लगा कि मेरा सपना सच हो गया।
- निशा
खुद पर बढ़ा यकीन
फोटो-16
कई जगह आवेदन किया, लेकिन मौका नहीं मिला। यहां आकर उम्मीद थी, पर इतनी जल्दी सफलता मिलेगी, यह सोचा नहीं था। कंपनी में चयन होने से खुद पर यकीन और विश्वास भी बढ़ा है। अपना सपना साकार होता देख बहुत खुशी है।
- आंचल, चयनित अभ्यर्थी