बाराबंकी। छठ महापर्व के मौके पर बिहार और पूर्वांचल लौटने वालों की भीड़ उमड़ रही है। देश के कोने-कोने से लोग अपने गांव-घर पहुंचने को बेताब हैं। बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर इस भीड़ का असर साफ दिख रहा है। यहां ठहरने वाली 52 ट्रेनों में ज्यादातर फुल हैं।
बाराबंकी स्टेशन पर रोजाना लगभग दो हजार टिकटें जारी हो रही हैं, लेकिन कंफर्म सीट मिलना नामुमकिन जैसा हो गया है। रेलवे रिजर्वेशन काउंटरों पर नो रूम और वेटिंग लिस्ट की स्थिति लगातार बनी है। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने छठ पर्व के अवसर पर विशेष ट्रेन चलाने का फैसला लिया है।
साबरमती-मुजफ्फरपुर-साबरमती अनारक्षित पूजा विशेष गाड़ी (09483-09484) चलाई जा रही है। यह ट्रेन 22 से 25 अक्तूबर तक साबरमती से और 24 से 27 अक्तूबर तक मुजफ्फरपुर से चार फेरों में चलेगी। 09483 साबरमती-मुजफ्फरपुर पूजा विशेष गाड़ी रात 11:30 बजे साबरमती से रवाना होकर दूसरे दिन शाम 7:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। रास्ते में यह महेसाना, आबू रोड, अजमेर, जयपुर, आगरा, कानपुर, लखनऊ होते हुए, शाम 7:22 बजे बाराबंकी में ठहराव लेगी। उसके बाद गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, सीवान, छपरा, सोनपुर और हाजीपुर समेत दर्जनों स्टेशनों पर रुकेगी।
वापसी में 09484 मुजफ्फरपुर-साबरमती विशेष गाड़ी 24 से 27 अक्तूबर तक चलेगी। जो सुबह 10:30 बजे मुजफ्फरपुर से रवाना होकर दूसरे दिन रात 10 बजे साबरमती पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। जिनमें सभी अनारक्षित श्रेणी के डिब्बे होंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह का कहना है कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। छठ पर बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन समय से पहले पहुंचें और यात्रा के दौरान सतर्कता बरतें।