बाराबंकी। अतिक्रमण के खिलाफ बृहस्पतिवार को पूरे जिले में अभियान चला। शहर के अलावा दरियाबाद, जैदपुर, सिद्घौर, देवा आदि में 100 से अधिक दुकानें व अन्य अवैध निर्माण बुलडोजर से ढहा दिए गए। प्रशासन ने यह भी घोषणा की कि दोबारा कब्जा करने पर एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। शहर में मुख्य बाजार पर अभियान चलने के दौरान अफरातफरी का माहौल रहा। कई दुकानों को टीम ने वाहनों में लादकर जब्त कर लिया।
नगर पालिका प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को दोपहर बाद छाया से निबलेट तिराहा व धनोखर तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। जेसीबी से लैस होकर पहुंचे दस्ते ने एक ओर से अतिक्रमण हटाना शुरु किया। सड़कों पर बने टिनशेड, किनारे रखी गुमटियां व ठेले देखते ही देखते गायब होने लगे।
ईओ पवन कुमार ने बताया कि करीब 20 दुकानें सड़क के किनारे से हटवाई गई हैं। कुछ लोगों ने स्वयं हटा लिया था। दरियाबाद प्रतिनिधि के अनुसार, एसडीएम विजय कुमार त्रिवेदी ने बुधवार को नगर पंचायत सभागार में बैठक कर व्यापारियों से स्वत: अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे।
बृहस्पतिवार को नगर पंचायत प्रशासन व कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर पंचायत के मुख्य चौराहे से टिकैतनगर मार्ग व सफदरगंज मार्ग तक दोनों ओर नालों पर किए गए अवैध कब्जे पर बुलडोजर चला दिया। पक्के निर्माण ढहा दिए गए। ईओ शालिनी त्रिपाठी ने बताया कि आगामी बरसात के दिनों में जलभराव आदि की समस्या न हो और मार्ग से निकलने वाले वाहनों और राहगीरों को अतिक्रमण के चलते समस्या न होने पाए इसलिए अभियान चलाया जा रहा है।
सिद्धौर प्रतिनिधि के अनुसार, सिद्धौर-जैदपुर व सिद्धौर-कैसरगंज मार्ग पर भी जेसीबी से अतिक्रमण ढहवा दिया गया। ईओ पंकज श्रीवास्तव की अगुवाई में चले अभियान में आधा दर्जन चबूतरे हटवा दिए गए। देवीगंज चौराहे पर भी पुलिस व राजस्व प्रशासन की टीम ने सड़क किनारे दुकानें हटवा दीं।
देवा प्रतिनिधि के अनुसार, बृहस्पतिवार को नगर पंचायत देवा में नायब तहसीलदार संतोष संत ने पुलिस की संयुक्त टीम के साथ अभियान चलाया। नगर पंचायत के मुख्य मार्ग पर स्थित कौमी एकता द्वार से लेकर मजार शरीफ द्वार तक अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान पहले से ही चौकन्ना तमाम दुकानदारों ने अपना अतिक्रमण हटा लिया। जो नहीं हटे थे उसे नगर पंचायत के बुलडोजर ने गिराकर ध्वस्त कर दिया।
ईओ प्रदीप कुमार पांडे ने बताया कि प्रतिदिन एक मार्ग पर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। जैदपुर प्रतिनिधि के मुताबिक, कस्बे में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पूरा दिन अफरातफरी का माहौल रहा। मुख्य मार्ग पर पहुंची टीम को देखकर कई दुकानदारों ने सामान समेट लिया मगर दो दर्जन दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया गया।