संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। जिले भर के रोजगार सेवकों ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य न करने का विरोध करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित सात सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन नायब तहसीलदार नवाबगंज को सौंपा। ज्ञापन में रोजगार सेवकों ने ०अधिकारियों पर दोहरा आचरण अपनाने का भी आरोप लगाया है। रोजगार सेवकों का कहना है कि क्रॉप सर्वे का कार्य कृषि एवं तहसील से संबंधित है इसमें तहसील कर्मियों एवं कृषि विभाग के कार्मिकों को लगाया जाना चाहिए था।
रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी आकाश त्रिपाठी ने बताया कि गिरजा शंकर त्रिवेदी, संयुक्त सचिव शासन द्वारा पूर्व में ही शासनादेश जारी किया जा चुका है कि रोजगार सेवकों से सिर्फ मनरेगा एवं जॉब चार्ट में सम्मिलित कार्य ही कराया जाएगा। बताया कि यह समय खेतों में जाकर सर्वे करने का नहीं है।
जिला महामंत्री दिलीप यादव ने कहा कि जिनका काम दिन भर गाटा गिनना, खसरा खतौनी बनाना है और जो सरकार के स्वास्थ्य कवर की सारी सुविधाएं ले रहे हैं, जब वह इस समय खेतों में सर्वे कार्य करने का विरोध कर रहे हैं, तो हम कैसे बिना किसी सुरक्षा कवर एवं समुचित संसाधन के कार्य करें।
लेखपालों ने सर्वे कार्य में जटिलता एवं तकनीकी समस्याओं का हवाला देकर कार्य करने से मना कर दिया है। ऐसे में रोजगार सेवक जान जोखिम में डालकर खेतों में सर्वे करने नहीं उतरेंगे। संगठन के पदाधिकारियों ने क्रॉप सर्वे के समय डेली रिपोर्टिंग लेते समय तहसील कर्मियों द्वारा अभद्रता से बात करने का भी आरोप लगाया। इस मौके पर दीपक सिंह, नीलम, विनोद राव, जितेंद्र कुमार, पवन यादव, अजय यादव, शकील अहमद, अशोक यादव आदि मौजूद रहे।