कोटवाधाम/सूरतगंज(बाराबंकी)। कई दिनों से घट-बढ़ रहा सरयू नदी का जलस्तर शनिवार को खतरे के निशान को पार करते हुए शाम तक 29 सेमी ऊपर पहुंच गया। जलस्तर दो सेमी प्रतिघंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है। किनारों से पानी बढ़ कर गांवाें की ओर पहुंचने लगा है। इससे तीन दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ का संकट गहराने लगा है। परेशानी से बचने के लिए लोग पलायन कर अलीनगर रानीमऊ बांध की ओर पलायन करने लगे हैं।
सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र में सरयू का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। तहसील क्षेत्र के टेपरा, कहरानपुरवा, सरायरज्जन, तेलवारी, गोबरहा, बीहड़, सनावा, मझारायपुर, परसावल, भयकपुरवा कोठीडीहा, सिरौलीगुंग दो दर्जन गांव पानी से घिर चुके है। वही खेतों में पानी आने लगा है। किसान जानवरों का चारा नदी के पानी से निकाल कर बाहर करने में जुट गए है। एसडीएम आनंद तिवारी ने बताया कि स्थिती पूरी तरह से नियंत्रण में है। लेखपालों को तटबंध पर तैनात कर दिया गया है। वहीं, रामनगर तहसील क्षेत्र में सरयू नदी पूरी तरह से उफान पर आ गई है।
बाढ़ का पानी फैलने से बबुरी, सरसंडा, कचनापुर, मदरहा, केदरीपुर, बाबापुरवा, सुंदरनगर, बलाईपुर, कोडरी, पर्वतपुर व बांध बिझला, पंडितपुरवा आदि गांव घिरने लगे है। बबुरी, कचनापुर व हेतमापुर गांव में करीब छह सौ बीधे खेती योग्य जमीन भी जलमग्न हो गई है। रामनगर के एसडीएम पवन कुमार ने राजस्वकर्मियों को निर्देश दिए कि रात मेें भी गांवों पर नजर रखे।