मसौली/सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। बारिश व तेज हवा के चलते तार टूटने से मसौली और सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान मसौली में 40 घंटे और सिरौलीगौसपुर में 16 घंटे बाद बिजली आपूर्ति शुरू हुई। इससे करीब 500 गांवों की लगभग साढ़े तीन लाख आबादी को परेशानी झेलनी पड़ी।
मसौली क्षेत्र में तेज हवा और बारिश के चलते रविवार की रात डुबकी गांव के पास शीशम का पेड़ गिरने से दो खंभे व तार टूट गए थे। इससे मसौली उपकेंद्र से जुड़े देवकलिया, मसौली, बड़ागांव, बांसा, ज्योरी, गुरेला, रहरामऊ, नेवल करण्डा, करपिया, बसंतपुर, मुजापुर, धरौली समेत करीब 300 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। काॅर्पोरेशन की टीम जुटी रही, लेकिन बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इससे करीब दो लाख की आबादी प्रभावित रही। करीब 40 घंटे बाद मंगलवार को आपूर्ति शुरू हुई। जेई लाल सिंंह ने बताया कि मसौली के पांच फीडरों पर रामनगर से जोड़कर दो-दो घंटे कुल 10 घंटे बिजली आपूर्ति की गई। अब फाॅल्ट दुरुस्त हो गया है और बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है।
उधर, जहांगीराबाद के पास तार टूटने से सिरौलीगौसपुर उपकेंद्र से जुड़े 200 गांवों की बिजली गुल रही। सोमवार की रात करीब आठ बजे चंदौली से रामनगर आने वाली 33 केवीए लाइन जहांगीराबाद के पास टूट गई। इसके चलते क्षेत्र के बदोसराय, मरकामऊ, किंतूर, बरौलिया, थाना डीह, श्याम नगर, सिरौलीगौसपुर, हजरतपुर, अलीनगर, करौरा, डूडी मेला रायगंज, पंजरौली, शहरी मौलाबाद सहित करीब 200 गांवों की करीब डेढ़ लाख आबादी को रात बिन बिजली गुजारनी पड़ी। लोगों को पीने के पानी से लेकर नहाने के लिए दिक्कत हुई, वही सबसे ज्यादा परेशानी संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को उठानी पड़ी। मंगलवार को दोपहर बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।