बाराबंकी। संसाधनों और मैनपावर की कमी से समय पर फॉल्ट दुरुस्त नहीं हो पा रहे हैं। फाॅल्ट दुरुस्त करने में कई दिन लग रहे हैं, इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। कुर्सी उपकेंद्र में फुंका पांच एमबीए का ट्रांसफार्मर दुरुस्त होने में 10 दिन लग गए थे। तेज हवा और बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हुए खंभे व तार दुरुस्त करने में तीन दिन लग गए। कोटवाधाम क्षेत्र में तीसरे दिन भी 25 गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। वहीं रामसनेहीघाट में बुधवार रात तार टूटने से 105 गांवों की बिजली गुल हो गई है।
ग्रामीण अंचलों में जर्जर तार निर्बाध बिजली आपूर्ति में बाधा बने हुए हैं। एक जगह फाॅल्ट दुरुस्त किया जाता है तो दूसरी जगह फाॅल्ट हो जाता है। मैनपावर और संसाधन कम होने से फाॅल्ट दुरुस्त करने में अधिक समय लग रहा है, जिससे ग्रामीणों की रात बिना बिजली कट रही है। रामसनेहीघाट में बुधवार रात करीब 10 बजे बड़ेल नारायनपुर के पास बिजली का तार टूट गया, जिससे लंबौआ वीर, राघवपुर, जोरावरपुर, बड़ेल नरायनपुर, खेवली, पिपरिहा, भवनियापुर, मोहम्मदपुर कीरत, जगदीशपुर, सोहिलपुर, अमरगंज, सनाकापुर, लालपुरवा, समेत 105 गांवों की बिजली गुल हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पावर काॅर्पोरेशन को दी। फाॅल्ट ढूंढने में ही रात बीत गई। बृहस्पतिवार को दोपहर कर्मचारी पहुंचे और खंभे व तार दुरुस्त करने में लगे रहे, लेकिन बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी।
अमरगंज निवासी कौशल किशोर ने बताया कि बिजली न आने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। मोहम्मदपुर कीरत निवासी किसान अमरेश कुमार ने बताया कि बिजली न आने से धान की बेरन की सिंचाई नहीं हो पा रही है। करीब एक लाख आबादी को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं कोटवाधाम क्षेत्र में तीसरे दिन भी 25 गांवों की बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। दो दिन पहले क्षेत्र में तेज हवा और बारिश से खराब हुए सिरौलीगौसपुर उपकेंद्र के खजुरी फीडर से बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी।
इससे क्षेत्र के खजुरी, जगदीशपुर, मसूदपुर, ठाकुरपुर, खलसापुर, रूपपुर, मधनपुर, मुराई, मोहरिया, अद्रा मवाईपुर, गोपालपुर, टोडरपुर, रजनापुर, चिकापुर, धामापुर समेत 25 गांवों की बिजली अभी तक बहाल नहीं हो पाई है। तीन दिन से बिजली न मिलने से ग्रामीण परेशान हैं। इससे करीब 20 हजार आबादी प्रभावित है। एसडीओ रामगोपाल का कहना है कि तेज हवा व बारिश से खराब हुईं बिजली लाइनों को दुरुस्त करा दिया गया है। एक जगह कार्य चल रहा है, खंभे सही हो गए हैं, तार बदले जा रहे हैं, जल्द ही बिजली आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
पांच घंटे गुल रही 75 गांवों की बिजली
बिजली उपकेंद्र देवा स्थित फीडर सुबह करीब नौ बजे अचानक खराब हो गया, जिससे बिशुनपुर, सालारपुर, पवैयाबाद, जखनवारा, मामापुर, सिपहिया, गोपालपुर समेत करीब 75 गांवों की बिजली पांच घंटे तक गुल रही। जेई एसपी यादव के नेतृत्व में टीम ने फीडर की मरम्मत शुरू की। दोपहर करीब डेढ़ बजे आपूर्ति चालू हो सकी। इससे करीब 60 हजार आबादी प्रभावित रही।