बाराबंकी। थाना क्षेत्र के मैकूपुरवा मजरे इब्राहिमाबाद गांव में शनिवार सुबह तेज हवा और बारिश के दौरान बिजली का खंभा टूटकर एक महिला पर गिर गया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और पावर कॉर्पोरेशन की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की रिपोर्ट विद्युत सुरक्षा निदेशालय को भेजी गई है।
मैकूपुरवा गांव निवासी रामराज की पत्नी आरती देवी (35) शनिवार सुबह घर से खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान मौसम खराब हो गया और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। ग्रामीणों के अनुसार घर से करीब 80 मीटर दूर स्थित एक सूखा आम का पेड़ बिजली लाइन पर गिर गया।
पेड़ के दबाव से तारों में खिंचाव बढ़ गया, जिससे सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा टूटकर आरती देवी पर गिर पड़ा। खंभे की चपेट में आने से आरती गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर पहुंचे ग्रामीण उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई।
मृतका के पति रामराज शहर में दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कोठी के एसएचओ डीपी सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सूखा पेड़ बना हादसे की वजह
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली लाइन के किनारे खड़ा सूखा आम का पेड़ काफी समय से जर्जर अवस्था में था। तेज हवा के दौरान उसके गिरने से बिजली के तारों पर दबाव पड़ा और खंभा टूट गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने लाइन किनारे खड़े सूखे पेड़ों को हटाने की मांग की है।