कोटवाधाम (बाराबंकी)। बदोसरायं क्षेत्र के मुराई गांव में करंट से एक युवक की मौत हो गई। घर में वैवाहिक कार्यक्रम के चलते मेहमानों के लिए पंखा लगाने के लिए तार जोड़ रहा था। इसी दौरान करंट लगने से हादसा हो गया।
सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के मुराई गांव निवासी मनोज कुमार वर्मा (35) के चाचा की शादी थी। मंगलवार को मेहमानों के लिए पंखा लगाने के लिए तार जोड़ रहा था। तभी अचानक करंट लगने से झटका लगा और दूर जा कर गिरा। आननफानन में मनोज को लेकर परिवारीजन सीएचसी सिरौलीगौसपुर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर सुनते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची बदोसरायं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बाबत अधिशासी अभियंता हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि मौके पर सहायक अभियंता को भेजकर जांच कराई जा रही है। अगर मौत बिजली करंट से हुई है तो उसके परिवारीजनों को सहायता पहुंचाई जाएगी।
मातम में बदलीं शादी की खुशियां
मृतक मनोज कुमार वर्मा के चाचा अर्जुन वर्मा की मंगलवार को शादी थी, उनकी बरात की तैयारी चल रही। तभी यह हादसा हो गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पूरा परिवार जहां बरात जाने को उत्सुक था अब मनोज की मौत से परिवारीजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हादसे के बाद परिवारजनों ने बरात ले जाने से इंकार कर दिया है।
एचटी लाइन की चपेट में आने से किशोर झुलसा
हरख। मौसी घर आया एक बालक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मंगलवार की शाम गंभीर रूप से झुलसा गया। जिसे सीएचसी सतरिख से जिला अस्पताल फिर वहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। सतरिख थाना क्षेत्र के मसूदपुर गांव निवासी नौमीलाल के घर मुंडन संस्कार में शामिल होने लखनऊ के महेशखेड़ा थाना गोसाईंगंज निवासी जीतू यादव का छह वर्षीय पुत्र रौनक परिवार के साथ आया था।
जहां वह खेलते समय छत पर जा पहुंचा। ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और गंभीर रुप से झुलस गया। जानकारी पर परिजन उसे सीएचसी सतरिख ले गए। जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सिविल अस्पताल लखनऊ रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि घर के ऊपर से गुजरी एचटी लाइन हटाने की मांग कई बार उच्चाधिकारियों से की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई।