जांच के लिए भेजे गए खाद्य पदार्थों के करीब एक दर्जन नमूने फिर फेल हो गए हैं। इनमें लाल मिर्च पाउडर में खतरनाक सिंथेटिक कलर सुडान की मिलावट पाई गई है तो चावल में चूहे का अपशिष्ट और घुन होने की पुष्टि हुई है। जांच रिपोर्ट में इन्हें खाने योग्य नहीं पाया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद एफएसडीए ने ऐसे विक्रेताओं के खिलाफ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। धनोखर चौराहा स्थित हरीराम की दुकान से भरा गया लाल मिर्च पाउडर का नमूना जांच में खाने योग्य नहीं पाया गया है।
जांच रिपोर्ट में इसमें सिंथेटिक कलर सुडान के मिलावट की पुष्टि हुई है। इसी प्रकार टिकैतगंज कस्बे से अफजाल और मोनू की दुकान से भरे गए चावल में चूहे का अपशिष्ट और घुन हुआ पाया गया। जांच में इसे खाने योग्य नहीं पाया गया है। शहाबपुर स्थित अलीहुसैन की दुकान से भरा गया चाय पत्ती का नमूना भी नियमों के विपरीत पाया गया है। माती जनरल स्टोर माती से भरा गया रस्क का नमूना भी नियमों के विपरीत पाया गया है।