उपचुनाव को लेकर नवीन सब्जी मंडी में वीवी पैट में लगाई जा रही बैटरी।
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में मतदान के लिए शुक्रवार को ईवीएम तैयार की गईं। नवीन मंडी परिसर के स्ट्रांग रूम में रखी ईवीएम में बैलेट पेपर लगाकर प्रत्याशियों के नाम व निशान की सेटिंग की गई। इसके साथ वीवी पैट में बैट्री लगाकर उनकी भी जांच हुई।
मतदान के लिए प्रशासन अपनी तैयारियों को पूरा करने में लगा है। शुक्रवार को नवीनमंडी परिसर में रिटर्निंग अफसर प्रतिपाल सिंह और तहसीलदार नवाबगंज विश्वमित्र सिंह की देखरेख में कर्मचारियों ने ईवीएम के बैलेट यूनिट में प्रत्याशियों के नाम और चुनाव निशान की सेटिंग की। इसके साथ ही जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के 445 बूथों पर ईवीएम के साथ लगने वाले वीवी पैट में बैट्री लगाकर उसकी जांच की गई। इस प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों के साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मतदान के लिए 20 अक्तूबर को पोलिंग पार्टियों की रवानगी की जाएगी। इसकी तैयारियों के तहत नवीन मंडी परिसर के एक शेड में बैरीकेडिंग की गई है। अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया।