बाराबंकी। ररिया गांव में सोमवार को घर के बाहर खेल रही अबरार अहमद की आठ साल की बेटी मिस्बाह खातून पर कुत्ते ने हमला कर दिया। बचने के लिए भागी मासूम जमीन पर गिरी तो कुत्ते ने उसका चेहरा नोंचना शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार घटना दिन में करीब 11 बजे की है। बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। अचानक कुत्ता आया और उस पर झपट पड़ा। बच्ची बचाव में घर की ओर भागी लेकिन कुत्ते ने उस पर दोबारा हमला किया, जिससे वह जमीन पर गिर गई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण दौड़े और किसी तरह कुत्ते से उसे छुड़ाया।
परिजन उसे तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां चेहरे पर करीब 40 टांके लगाए गए। इसके बाद भी स्थिति चिंताजनक देख सीएचसी फतेहपुर ले जाया गया। एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया और जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।