सड़क हादसे में घायल क्षतिग्रस्त वाहन
बाराबंकी। जिले में बृहस्पतिवार रात तीन अलग-अलग सड़क हादसों में आठ लोग घायल हो गए। सबसे बड़ा हादसा रामनगर क्षेत्र में सरयू के संजय सेतु पर हुआ, जहां बाराबंकी से बहराइच जा रहे सीमेंट लदे ट्रक और भूसा लदी डीसीएम की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में डीसीएम चालक राजकपूर (42) निवासी अटरिया, सीतापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद संजय सेतु पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
दूसरा हादसा बुढ़वल स्टेशन मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। ऑटो में सवार बहराइच जिले के परसा मल्हनपुरवा निवासी राजेश कुमार निषाद (50), उनके भाई राम सुरेश (52), करण निषाद (14), किरण (8) और शिवा (3) घायल हो गए। सभी अपने साले के दाह संस्कार से नेपुरा घाट, असंद्रा से लौट रहे थे। शिवा की हालत गंभीर होने पर उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
तीसरा हादसा कुर्सी क्षेत्र के लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर मोहनिया गांव मोड़ के पास हुआ, जहां ट्रक की चपेट में आने से बड्डूपुर थाना क्षेत्र के जगसेंडा गांव निवासी यार मोहम्मद और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। यार मोहम्मद की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें निजी चिकित्सालय से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
सड़क हादसे में घायल क्षतिग्रस्त वाहन