बाराबंकी। लोनीकटरा थाना क्षेत्र में पूूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार भोर पहले से खड़ी डबल डेकर बस में पीछे से दूसरी डबल डेकर बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बस में सवार बिहार निवासी मां-बेटे समेत आठ यात्रियों की मौत हो गई जबकि डेढ़ दर्जन यात्री घायल हो गए। 13 घायल यात्रियों का इलाज केजीएमयू व लोहिया अस्पताल में जारी है। जिनमें आधा दर्जन यात्रियों की हालत गंभीर है। हादसे में दोनों बसें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। एक बस का आधा हिस्सा ही गायब हो गया। क्रेन मंगाकर दोनों बसों को एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात बहाल करवाया गया।
पुलिस के अनुसार, बिहार के दरभंगा जिले के कस्बा लोखा से यमुना ट्रैवल्स की बस 50 सवारियां लेकर दिल्ली जा रही थी। यह बस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किमी. संख्या 24 पर लोनीकटरा के नरेंद्रपुर मदरहा गांव के पास सुबह करीब सवा चार बजे कैंटीन के सामने खड़ी की गई थी। कुछ यात्री नीचे उतर गए थे जबकि कई लोग बस में ही सो रहे थे।
इसी बीच सुबह करीब साढ़े चार बजे बिहार से दिल्ली जा रही अशोक ट्रैवल्स की तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पहले से खड़ी बस में पीछे से जा टकराई। दूसरी बस में भी कई यात्री सवार थे। हादसे के बाद से इसके चालक-परिचालक फरार हो गए। इस भीषण हादसे के बाद आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। यहां का नजारा देख सभी दंग रह गए। चारों ओर चीख-पुकार मची थी। हादसे के करीब आधा घंटे बाद यूपीडा के सुरक्षा कर्मी भी पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू करवाया।
इसके बाद पुलिस व एंबुलेंस पहुंचने लगी। घायलों को सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में बिहार के कालापट्टी थाना फुलपरास निवासी चित्तनरायण झा (75), लदोरा थाना कल्याणपुर जिला समस्तीपुर निवासी ओमप्रकाश राय (33), डोलख जिला मधुबनी निवासी शिवधारी सदाम (42), भीमा मल्लेश्वर वार्ड थाना पिपरी जिला सीतामढ़ी निवासी कमलेश कुमार (23), खुटौना जिला मधुबनी निवासी शमसुद्दीन (17), रजघट्टा थाना बेनीपट्टी जिला मधुबनी निवासी सुबोध कुमार (24), पुपरी जिला सीतामढ़ी निवासी सपना देवी (33) व सपना देवी का पुत्र आदित्य कुमार (12) शामिल हैं।
डेढ़ दर्जन घायलों का चल रहा इलाज
हादसे में बिहार के खुटौना जिला मधुबनी निवासी मो. सद्दाम (18), जनकपुर रोड सीतामढ़ी निवासी शुभम (12), खुरौना बाजार थाना खुुरौना जिला मधुबनी निवासी इरशाद (25), जजुम थाना कटरा जिला मुजफ्फरनगर निवासी सरिता देवी (45), पिपरी थाना पिपरी जिला सीतामढ़ी निवासी श्याम (35), जनकपुर रोड पिपरी जिला सीतामढ़ी निवासी शुभम (10), खुटौना जिला मधुबनी निवासी नुजहारुल (25), बलमोहन हलीम टोला थाना पिपरी जिला सीतामढ़ी निवासी अंगूरी खातून (22) व एक अज्ञात व्यक्ति को घायल हालत में लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जबकि पुपड़ी विहौर थाना पुपड़ी जिला सीतामढ़ी निवासी सिकंदर (18), हरिहरपुर थाना पुपड़ी जिला सीतामढ़ी निवासी प्रशांत कुमार (7) व ज्योति कुमारी (14) को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लखनऊ में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायल घरकुरोला पुपरी जिला सीतामढ़ी के सरवन (27), गंगरखोदी थाना कमतौ जिला दरभंगा के सुभाष यादव (41), पसौली थाना पुपड़ी टनकपुर रोड के मदन मुरतिया (32), कटहरा मेसी जिला मोतीघाट के शनि कुमार (20) व कटहरी जिला मोतिहारी के अर्जुन पासवान (40) का इलाज हैदरगढ़ सीएचसी में हुआ।