असंद्रा (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला बीती रात भी जारी रहा। इस बार चोरों ने कादिरपुर गांव के इसरार उर्फ मुन्ना को अपना शिकार बनाया। चोर मकान के बगल में बने शौचालय की मदद से छत पर चढ़कर जीने के रास्ते नीचे उतर आए और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया।
उसमें रखे तीस हजार रुपए की नगदी व सोने की चेन, चार अंगूठियां, सोने के बुंदे, बाली, चांदी की एक जोड़ी पायल और कीमती कपड़े उठा ले गए। रविवार सुबह जागने पर घटना की जानकारी हुई। पीड़ित की सूचना पर पुलिस परिजनों से पूछतांछ की।
इससे पूर्व शुक्रवार की रात जलालपुर गांव के समीप सड़क पर अनिल यादव की टायर की दुकान का शटर तोड़कर चोर 50 टायर उठा ले गए। उसी रात मोतिकपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रक से दो बैटरी और टंकी से करीब 300 लीटर डीजल भी निकाल ले गए थे। इंस्पेक्टर असंद्रा नीतीश श्रीवास्तव का कहना है कि छानबीन की जा रही है।