सआदतगंज/देवा। श्री पंचमुखी हनुमत धाम दंडी आश्रम जगत गुरुकुलम मलौली में चल रहे गणेश उत्सव के सप्तम दिवस पर मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम दिखा। आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी असंभव संभवानंद सरस्वती महाराज के सानिध्य में बटुक ब्रह्मचारियों ने विघ्नहर्ता भगवान गणेश का विधि-विधान से दूर्वाभिषेक किया।
दूर्वा को गणेश जी का सबसे प्रिय माना गया है। मान्यता है कि दूर्वा अर्पण करने से विघ्नों का नाश होने के साथ ही जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है। सप्तम दिवस के अवसर पर धाम में प्रबंधक साध्वी जानकी वैष्णो दास के निर्देशन में वेदपाठ और विशेष पूजन अनुष्ठान संपन्न हुआ। पूजन के बाद आचार्य विनय कुमार पांडे ने बटुक ब्रह्मचारियों को वेद अध्ययन के महत्व के बारे में बताया। अनुष्ठान की समाप्ति के बाद भक्तों को प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर ललित पांडे, विग्नेश पांडे, नरेंद्र प्रसाद शर्मा, साधना शर्मा आदि मौजूद रहे।
उधर, देवा ब्लॉक की ग्राम सभा बबुरीगांव स्थित संत खुशियाल दास की तपोस्थली पर मंगलवार को वार्षिक मेले का शुभारंभ हुआ। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजन दर्शन कर परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर और गांव की गलियों में जगह-जगह भक्त भजन-कीर्तन करते दिखे। मेले में झूले, खिलौने और खान-पीन की दुकानों पर दिन भर खरीदारों की चहल-पहल रही। मेला परिसर में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस व प्रशासन को भी सुरक्षा निगरानी के विशेष इंतजाम कराने पड़े।