देेवा (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र के अटवटमऊ गांव के पास सोमवार की रात करीब 11 बजे मौरंग उतारने के बाद वापस जा रहा डंपर सड़क किनारे से गुजरी हाईटेंशन लाइन में छू गया। अफरातफरी के बीच डंपर पर सवार खलासी ने कूदकर जान बचा ली, मगर चालक उसी के अंदर झुलस गया। इससे उसकी मौत हो गई।
देवा कोतवाली क्षेत्र के पटियानी मजरे बिशुनपुर गांव निवासी राजू (32) दो मजदूरों व खलासी के साथ सोमवार रात करीब 11 बजे डंपर पर मौरंग लादकर अटवटमऊ गांव आया था। मौरंग उतारने के बाद सभी खाली डंपर पर सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान अटवटमऊ गांव के पास छोटी का पुरवा गांव के पास डंपर सड़क किनारे से गुजरी हाईटेंशन लाइन के तार में छू गया। करंट का तेज झटका लगा तो सभी को लगा।
इसी दौरान डंपर के खलासी रामनगर के अमोलीकला गांव निवासी मुकुल कुमार व दो मजदूर वाहन से कूद गए। राजू कूदने की कोशिश में था, मगर करंट कर चपेट में आकर अंदर ही रह गया। खलासी के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे। डंपर को हटवाया गया। गंभीर रूप से झुलसे राजू को आननफानन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन ऊंची होती तो हादसा नहीं होता। एसएचओ पंकज कुमार सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।