मसौली (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र मसौली में बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार डंपर 30 बच्चों से भरी स्कूल बस से भिड़ गया। हादसे के बाद बस में सवार मासूम चीखने लगे। हाईवे पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने शिक्षकों व स्थानीय लोगों की मदद से आननफानन 22 बच्चों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचवाया। इलाज के बाद सभी को घर भेज दिया गया।
बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर शहर के निकट नवीनमंडी से कुछ दूर स्थित बाबा गुरुकुल एकेडमी के बच्चे बसों से आते-जाते हैं। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे 30 बच्चों को लेकर स्कूल की बस मंडी के निकट रेलवे ओवरब्रिज को पार कर जैसे ही स्कूल के लिए मुड़ी, पीछे से पत्थर लेकर आ रहा डंपर बस से भिड़ गया।
धड़ाम की आवाज के साथ बस पलटते-पटलते बची। बच्चे चीखने व रोने लगे। बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि बस के चालक ने इसकी सूचना तत्काल स्कूल में दे दी। 15 मिनट में ही मसौली पुलिस मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस से बच्चों को सीधे जिला अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने बच्चों की जांच की। आठ बच्चों को हल्की चोट आने पर इलाज किया गया। कुछ को सर्जन की ओपीडी तक भेजा गया।
पुलिस के अनुसार सैय्यद फय्याज, अरहम अंसारी, प्रत्यक्ष, गौरकी सिंह, सूर्यप्रताप सिंह, देवांश कुमार, करनीता श्रीवास्तव, आयुष शर्मा, निखिल यादव, फातिमा, ऋषिका मिश्रा, कुंज मिश्रा, आदित्य बाबू, आयुष सिंह, विभूति कृष्ण, आयुषी वर्मा, वैष्णवी वर्मा, सैय्यद फरहान, आर्यन जायसवाल, कृष्णा जयसवाल, शौर्य रस्तोगी, शिवांग जायसवाल को आंशिक चोट थी। इनकी उम्र नौ से 15 के बीच है।
डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज
थाना क्षेत्र जहांगीराबाद के मनपुरवा निवासी बस चालक रामसिंह की तहरीर पर कानपुर जिले के निवासी डंपर चालक कल्लू के खिलाफ दर्ज किया गया है। मामले की प्राथमिक जांच के बाद रामनगर के सीओ सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है। बच्चे सुरक्षित हैं। डंपर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
मामले की जांच कर रही है पुलिस
दोनों वाहनों के प्रपत्रों व प्रमाणपत्रों की जांच की गई। सब कुछ वैद्य मिला है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। डंपर चालक के पास लाइसेंस था कि नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
- अंकिता शुक्ला, एआरटीओ प्रशासन