हैदरगढ़ क्षेत्र में नहर की ड्रोन कैमरे से वीडियो बनाता कर्मचारी।
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। नहरों से सिल्ट सफाई की निगरानी ड्रोन कैमरे से की जाएगी। सफाई से पहले और सफाई के बाद इसकी वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके तहत सुबेहा रजबहा की सफाई से पहले ड्रोन से वीडियोग्राफी का कार्य शुरू किया गया है।
दशकों पहले से छोटी-बड़ी नहरों का जाल बिछा है। कुछ वर्षों से सिंचाई विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के कारण किसानों को समय पर पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था। प्रत्येक फसली सत्र से पहले नहरों की सफाई पर विभाग लाखों रुपये खर्च करता है। उसके बाद भी नहरों में हेड के आगे पानी नहीं बढ़ सका है। सफाई में गड़बड़ी रोकने के लिए सिल्ट सफाई के लिए नहरों की दो बार वीडियोग्राफी कराई जाएगी। काम शुरू होने से पहले व बाद में ड्रोन कैमरे का प्रयोग किया जाएगा। शुक्रवार को विभाग के रनर परशुराम यादव ने सुबेहा रजबहा पर ड्रोन कैमरा उड़ाकर वीडियो बनाया। बताया कि ड्रोन कैमरे से काम आसान हुआ है।