बाराबंकी। युवतियों व महिलाओं के ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए शुक्रवार 5 सितंबर को एक विशेष शिविर का आयोजन कंपनीबाग स्थित अमर उजाला कार्यालय में होगा। इसमें हिस्सेदारी कर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी युवतियां व अन्य महिलाएं बिना किसी परेशानी के अपना लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनवा सकती हैं।
यह शिविर सुबह 10 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक संचालित होगा। इसमें केवल महिलाओं और युवतियों के लर्नर डीएल बनाए जाएंगे। शिविर में एआरटीओ प्रशासन अंकिता शुक्ला की अगुवाई में मौजूद परिवहन विभाग की टीम लर्नर लाइसेंस बनवाने में आवेदकों की मदद करेगी।
यह दस्तावेज लाना होगा जरूरी
लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदक को अपने आधार कार्ड के साथ इससे लिंकअप मोबाइल नंबर साथ लेकर आना होगा। लर्नर डीएल बनवाने की सरकारी फीस 350 रुपये है, जो मौके पर ही ऑनलाइन जमा करना होगी।
यह है प्रक्रिया
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन अंकिता शुक्ला ने बताया कि लर्नर लाइसेंस बनवाने के बाद ही परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस बनता है। परमानेंट डीएल के लिए लर्नर डीएल बनने के एक माह से लेकर छह माह तक की अवधि में आवेदन करना होता है। स्थाई डीएल की यह प्रक्रिया आवेदक को एआरटीओ दफ्तर आकर पूरी करना पड़ेंगी।