बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 128वीं जयंती रविवार को जिलेभर में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर हुए आयोजनों में बाबा साहब के कृतित्व व व्यक्तित्व को याद किया गया। उनके चित्र व प्रतिमा पर माल्यार्पण कर याद किया गया। साथ ही उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज को नई दिशा देने की बात कही गई।
भारतीय बौद्ध महासभा के जिलाध्यक्ष सुंदरलाल भारती के नेतृत्व में नगर के श्रावस्तीनगर लखपेड़ाबाग में स्थित बुद्ध पार्क में त्रिशरण एवं पंचशील पाठ के बाद विशाल धम्म यात्रा निकली। बुद्धम् शरणं गच्छामि, धम्मं शरणं गच्छामि के उद्घोष और जय भीम के नारों के साथ धम्म यात्रा निकली। यह विकास भवन के निकट संतलाल के आवास पर सभा में परिवर्तित हो गई। सतरिख नाका स्थित आंबेडकर पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पंचशील पाठ के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट ने माल्यार्पण कर बाबा साहब को याद किया।
आंबेडकर दल कैंप कार्यालय में बाबा साहब के संघर्षों को याद किया गया और उनसे प्रेरणा लेने की बात कही। सिरौलीगौसपुर में एसडीएम अशोक कुमार, तहसीलदार अखिलेश कुमार, नायब तहसीलदार गौरव सिंह ने बाबा साहब के जीवन दर्शन से शिक्षा लेने की बात कही। विभिन्न स्थानों पर हुए कार्यक्रमों में प्रमुख रूप से लोकसभा प्रत्याशी रामसागर रावत, आनंद प्रकाश गौतम, बसपा के जिलाध्यक्ष केके रावत, विजय कुमार गौतम व पूर्व जनपद न्यायाधीश रामकिशोर, राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया, पूर्व मंत्री राकेश कुमार वर्मा, तनुज पुनिया, भारतीय दलित पैंथर के प्रदेश अध्यक्ष बरातीलाल बौद्ध, रामऔतार, अमरेश कुमार, कांग्रेसी नेता रामू यादव, कन्हैयालाल, ज्ञान प्रकाश आदि मौजूद रहे।