सतरिख के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में सीओ सुमित त्रिपाठी के साथ
बाराबंकी। राह चलती छात्रा से अगर कोई शोहदा छेड़छाड़ करे, पीछा करे, मोबाइल पर काल या मैसेज करके परेशान करे तो चुप रहकर उसे बढ़ावा मत दें। खुलकर उसका विरोध करें। शिक्षिकाओं से बताएं। माता-पिता से शेयर करें। पुलिस तो आपके साथ है ही। अपराधी भाग खड़ा होगा।
शनिवार को सतरिख के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में अमर उजाला द्वारा आयोजित पुलिस की पाठशाला में छात्राओं के बीच पहुंचे सीओ सदर सुमित त्रिपाठी ने ये बातें कहीं। इस पाठशाला में कक्षा नौ से इंटर तक की छात्राएं मौजूद रहीं।
सीओ सुमित त्रिपाठी ने शिक्षक की भूमिका में बेटियों से कहा कि आज मोबाइल का युग है। पैसे के लेन-देन से लेकर तमाम लिखापढ़ी वाले काम मोबाइल पर हो रहे हैं। यह जितनी सुविधा जनक चीज है, उतना ही सतर्क रहने की जरूरत है। किसी अज्ञात व्यक्ति से काल व कोई फोटो वीडियो गलती से भी शेयर मत करें।
कहा कि किसी भी इनामी स्कीम व लुभावने वादों के लालच में मत पड़ें। साइबर अपराधी आपके इंटाग्राम व फेसबुक की प्रोफाइल से आपका आकलन करते हैं। सीओ ने पुलिस सेवा में जाने वाली बच्चियों को इंटर व स्नातक के बाद कॅरियर के लिए मार्ग दर्शन भी दिया। इस मौके पर शिक्षिका रुमा, संगीता चौधरी व उषा आदि मौजूद रहीं।
पिता व भाई को हेलमेट के लिए टोकें
सीओ ने कहा कि समाज की तरक्की व लोगों को जागरूक करने के लिए अमर उजाला के सभी अभियान सराहनीय हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि संकल्प लें कि घर जाएं तो अपने पिता व भाइयों को बाइक से निकलते वक्त हेलमेट के जिए जरूर टोकें।