देवा (बाराबंकी)। अनाज की कालाबाजारी के मामले में एक और कोटेदार के खिलाफ शनिवार को देवा कोतवाली में केस दर्ज कराया गया। जिलाधिकारी से मिली अनुमति के बाद आपूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवा क्षेत्र के भिटौली खुर्द कोटेदार अनिल कुमार पर 21.76 क्विंटल चावल, 14.19 क्विंटल गेहूं तथा 24 किलो चीनी की कालाबाजारी करने का आरोप है। एसडीएम से हुई शिकायत के बाद डीएसओ डॉ. राकेश तिवारी ने आपूर्ति निरीक्षक गरिमा वर्मा को गांव पहुंच जांच करने के आदेश दिए थे।
जांच के दौरान पाया गया कि जितना स्टॉक गोदाम में मौजूद होना चाहिए, उतना मौके पर नहीं था। कोटेदार से स्टाॅक रजिस्टर दिखाने को कहा गया तो वह नहीं दिखा सका। आपूर्ति निरीक्षक ने इस दौरान कार्डधारकों के भी बयान दर्ज किए। कार्डधारकों ने गेहूं, चावल और चीनी न मिलने की शिकायत की थी।
आपूर्ति निरीक्षक ने कार्रवाई की संस्तुति करते हुए पूरी जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज केस दर्ज कराए जाने की अनुमति मांगी थी। जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद आपूर्ति निरीक्षक ने शनिवार को देवा कोतवाली में कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज करा दिया। आठ दिन पूर्व बदोसराय के कोटेदार मुजतबा अहमद के खिलाफ भी अनाज की कालाबाजारी करने का केस दर्ज कराया गया था।