त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। लोनीकटरा से त्रिवेदीगंज चौराहे तक शनिवार को एक पागल कुत्ते का आतंक रहा। इस कुत्ते ने सुबह से शाम तक 15 लोगों पर हमला बोल उन्हें घायल कर दिया। दो को गंभीर हालत में सीएचसी से लखनऊ के लिए रेफर किया गया है।
शनिवार को लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर लोनीकटरा से त्रिवेदीगंज चौराहे तक पागल कुत्ते ने राहगीरों को दौड़ा-दौड़ा कर काटा। कुत्ते ने ठाकुरपुर की अंजली, मुकेश, सरैय्या के राजकुमार, राजरानी, बिसेनीखड़ा की साक्षी, चंदीखेड़ा की खुशबू, राजकुमार, आशीष, राजेंद्र, भिलवल के कुलदीप, गौरी गांव की दिशा, खैराबीरू के जीतू, मोहम्मदपुर के इरफान, लदईपुरवा के आदेश वर्मा, दहिला के आर्यन व आराध्या पर हमला बोलकर घायल कर दिया।
घायल एक के बाद एक सीएचसी पहुंचे। गनीमत थी कि सीएचसी में एंटी रेबीज वैक्सीन मौजूद थी। अंजली व मुकेश को गंभीर अवस्था में लखनऊ के सिविल अस्पताल रेफर किया गया। इस दौरान किसी भी जिम्मेदार ने कुत्ते के पकड़वाने की जहमत नहीं उठाई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव श्रीवास्तव ने बताया कि 15 लोगों का इलाज किया गया है।