बाराबंकी। कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालयों का सोमवार को डीएम ने निरीक्षण किया। इस दौरान एफएसडीए कार्यालय में अभिहीत अधिकारी की कुर्सी खाली पड़ी मिली। डीएम की जानकारी पर वहां मौजूद कर्मचारी सही से जवाब नहीं दे पाए। इस पर डीएम ने अभिहीत अधिकारी का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोकने का आदेश दिया। वह कई अन्य पटलों पर पहुुंचे और कर्मचारियों के काम करने के तरीके को देखा और उसमें सुधार करने के सुझाव दिए।
डीएम अविनाश कुमार सोमवार को एडीएम राकेश कुमार सिंह के साथ कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में जनसुनवाई के बाद राजस्व अभिलेखागार पहुंचे। वहां पर रखे अभिलेखों के विषय में जानकारी ली और रखरखाव सही ढंग से करने के निर्देश दिए।
इसके बाद संयुक्त कार्यालय पहुंचे डीएम ने एक-एक कर्मचारी से उनके पटल के विषय में जानकारी ली तथा नए तरीके और नई ऊर्जा के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। निर्वाचन कार्यालय पहुंच निकाय चुनाव को लेकर चल रही तैयारियों में तेजी लाने के आदेश दिए। ई-डिस्ट्रिक लैब का निरीक्षण किया तो एफएसडीए कार्यालय को भी देखा।
यहां पर अभिहीत अधिकारी की कुर्सी खाली देख नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों से जानकारी की तो मातहत कोई सही जानकारी नहीं दे सके। इस पर अभिहीत अधिकारी का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक जवाब तलब किया है। डीएम ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी पहले एडीएम कार्यालय पहुंच उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर करेंगे। इसके बाद अपने कार्यालय में बैठेंगे।