हरख ब्लॉक के दौलतपुर गांव में पद्मश्री रामसरन वर्मा के खेत में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के कार्य
जैदपुर। हरख ब्लॉक के दौलतपुर गांव में प्रगतिशील किसान पद्मश्री राम सरन वर्मा के खेत में खेती की बात करने सीएम योगी आदित्यनाथ शीघ्र आ सकते हैं। 15 दिसंबर से पहले मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के दृष्टिगत सोमवार को डीएम शशांक त्रिपाठी ने एसपी अर्पित विजयवर्गीय के साथ दौलतपुर गांव का भ्रमण किया।
विकसित किसान सम्मेलन के लिए प्रस्तावित जमीन देखी। राम सरन के फाॅर्म हाउस पर केला, टमाटर व आलू की फसल मुख्य रूप से लहलहा रही है। आसपास के खेतों में बोई सरसों में पीले-पीले फूल और हरी-हरी फसलें सुहानी लग रही हैं। डीएम व एसपी ने कार्यक्रम स्थल देखने के साथ ही सुरक्षा मानकों पर संबंधित अधिकारियों को बैरीकेडिंग व पार्किंग आदि व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। एसडीएम सदर आनंद तिवारी, सीएमओ डॉ. अवधेश यादव, बीडीओ हरख प्रीति वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।