बाराबंकी। नवीन मंडी में खुले धान खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण बुधवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने किया। इस दौरान एक केंद्र पर बिना टोकन के हो रही धान खरीद पर भड़के डीएम ने नाराजगी जताते हुए केंद्र प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही चेताया यदि काम काज में सुधार न लाया गया तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। निरीक्षण में धान की तौल, भंडारण से लेकर भुगतान तक से जुड़े कार्य में कई खामियां उजागर हुई।
निर्देश दिया कि जिन किसानों को धान खरीद का टोकन जारी हुआ हो उनसे प्राथमिकता पर खरीद की जाए। किसी के दबाव में आकर खरीद से जुड़ा कोई कार्य न किया जाए। दोपहर डेढ़ बजे करीब एडीएम राकेश कुमार सिंह के साथ नवीन मंडी स्थल पर बने खरीद केंद्रों के निरीक्षण पर पहुंचे डीएम ने पाया कि खरीद के लिए किसानों को टोकन तो जारी कर दिया गया लेकिन रजिस्टर पर मोबाइल नंबर दर्ज नहीं किया गया। इतना ही नहीं जिन किसानों का धान तौला जा रहा था उनके पास मांगने पर टोकन भी नहीं मिला। इस मनमानी पर सख्त नाराजगी जताते हुए डीएम ने केंद्र प्रभारी कुलदीप को कड़ी फटकार लगाई।
इसके बाद मंडी परिषद द्वारा संचालित धान खरीद केंद्र पर पहुंचे डीएम ने देखा की तौल के दौरान खुद को किसान यूनियन का पदाधिकारी बताने वाला एक बाहरी युवक मौके पर खड़ा था। पूछने पर केंद्र प्रभारी संजय ने बताया कि उसी की सिफारिश पर किसान का धान तौला जा रहा है। इस पर डीएम ने खरीद में किसी भी तरह का पक्षपात न बरतने की चेतावनी केंद्र प्रभारी को दी। इस मौके पर मंडी सचिव संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।
दबाव बनाने तो भेजे हमारे पास
केंद्र प्रभारियों ने डीएम को बताया कि सबसे ज्यादा दबाव किसान यूनियन का पदाधिकारी बताकर बनाया जाता है। इस पर डीएम ने कहा कि जब किसानों को तौल के लिए परेशान करोंगे तो वह कही न कही तो जाएंगे ही। इस लिए पहले खरीद की व्यवस्था को दुरुस्त व पक्षपात रहित बनाया जाए। इसके बाद भी अगर कोई दबाव बनाता है तो उसे सीधे हमारे पास भेज दिया जाए।